शिमला, 09 जून। शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस में सवार एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को स्पेशल सेल शिमला की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर तारादेवी बाईफरकेशन के समीप नाका और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान हिसार-चंडीगढ़-शिमला रूट पर चल रही हरियाणा रोडवेज की एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक व्यक्ति पर पुलिस को संदेह हुआ। जांच करने पर उसके पास से लगभग 7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिमला के ठियोग निवासी 31 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 10 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।