शिमला, 4 अप्रैल। हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान मच गया है। इस बयान के खिलाफ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताते हुए राजधानी शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को शिमला उपायुक्त कार्यालय के समीप कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और अनुराग ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। नेताओं ने ठाकुर के बयान को अमर्यादित करार देते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अनुराग ठाकुर का विवादों से पुराना नाता रहा है। वे समय-समय पर भड़काऊ और विवादास्पद बयान देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर गांधी परिवार और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बना रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे न सिर्फ वरिष्ठ सांसद हैं, बल्कि देश की एक जिम्मेदार आवाज हैं। उनके खिलाफ संसद में अभद्र भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुद्दों से भटकाने के लिए इस तरह के बयानबाज़ी करती है ताकि लोगों का ध्यान असल समस्याओं से हटाया जा सके।
प्रतिभा सिंह ने की इस्तीफे की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि अनुराग ठाकुर की भाषा न केवल असंसदीय है बल्कि एक केंद्रीय मंत्री रह चुके व्यक्ति को शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस कार्यकर्ता मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में एकजुट होकर सड़कों पर उतरे हैं। पार्टी उनके सम्मान में कोई भी अभद्रता सहन नहीं करेगी।
प्रतिभा सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी खड़गे के सम्मान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी और अनुराग ठाकुर से तत्काल माफी मांगने व सांसद पद से इस्तीफा देने की मांग करती है।
विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा के नेता लोकतांत्रिक संस्थाओं का लगातार अपमान कर रहे हैं।