शिमला, 15 अप्रैल। हिमाचल दिवस के अवसर पर किन्नौर के रिकांगपिओ में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली राज्य की विभूतियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। इस दौरान सिविल सर्विसिस अवॉर्ड, प्रेरणा स्रोत सम्मान और हिमाचल गौरव पुरस्कार प्रदान किए गए और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले व्यक्तियों तथा संस्थानों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने सिविल सर्विसिस अवॉर्ड के तहत उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग को विभागीय/संस्थान श्रेणी में सम्मानित किया। वहीं उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) बल्ह, जिला मंडी की स्मृतिका नेगी को व्यक्तिगत श्रेणी में इस पुरस्कार से नवाजा गया। प्रेरणा स्रोत सम्मान के तहत जिला शिमला के भोंट की चारू शर्मा और जिला किन्नौर की यंगथंग तहसील के चांगो गांव की छोनजिन ऐंग्मो को व्यक्तिगत श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य जिला सिरमौर की शिलाई तहसील के शरोग गांव की रितु नेगी, धकौली गांव की साक्षी शर्मा, मेलाह टेक गांव की पुष्पा, जिला मंडी के बेला गांव की भावन देवी और जिला चंबा की चुराह तहसील के बघाईगढ़ गांव की चंपा ठाकुर को समूह श्रेणी में प्रेरणा स्रोत सम्मान प्रदान किया गया। चमियाणा अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग को भी प्रेरणा स्रोत सम्मान से सम्मानित किया गया।
हिमाचल गौरव पुरस्कार के तहत जिला बिलासपुर के कंडयाणा गांव के पद्म श्री से सम्मानित प्रेम लाल गौतम, जिला हमीरपुर की नादौन तहसील के दगरी गांव के डॉ. ओ.पी. शर्मा, अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा के प्रिंसिपल डॉ. ब्रिज शर्मा, शिमला निवासी हरलीन कौर और जिला बिलासपुर की घुमारवीं तहसील के बछरीन गांव की स्नेहलता को व्यक्तिगत श्रेणी में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किए गए। किन्नौर पुलिस के एएसआई विकास गुलेरिया, हेड कांस्टेबल ललित कुमार और मेहर चंद को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भीम सेन नेगी, कनिष्ठ अभियंता सुमित डोगरा और अशोक कुमार, टेक्नीशियन मेधर सिंह और संजीव कुमार को भी सम्मानित किया गया। परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी इस अवसर पर सम्मान मिला।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वनाधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत 24 परिवारों को भूमि के पट्टे भी प्रदान किए। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के 9 लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। यह सहायता विधवाओं, निराश्रित और एकल महिलाओं को घर बनाने के लिए दी जा रही योजना का हिस्सा है, जिसके तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को कुल तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।