शिमला, 27 मई। नौतपा की भीषण गर्मी से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश को अब अगले कुछ दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। 28 से 30 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
बुधवार को भी प्रदेश में गर्मी का असर साफ देखने को मिला। निचले इलाकों ऊना से लेकर हिल्स स्टेशन शिमला तक तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। कई जगह लू जैसे हालात बने रहे। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम रही। दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।निचले क्षेत्रों में दिन का पारा 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को ऊना, बिलासपुर और सोलन में लू चलने के साथ आंधी और बिजली चमकने का येलो अलर्ट रहेगा। वहीं चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ओरेंज अलर्ट जबकि हमीरपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 29 मई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा और सोलन में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा है।
30 मई को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि 31 मई और 1 जून को मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल बने रह सकते हैं।
प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किए गए। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान हमीरपुर जिला के नेरी में 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद बिलासपुर, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 23 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 21.5 डिग्री, नाहन में 20.5 डिग्री, शिमला और ऊना में 19 डिग्री, कांगड़ा में 18.9 डिग्री, धर्मशाला में 18.8 डिग्री, मंडी में 18.2 डिग्री, सुंदरनगर और पालमपुर में 17 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिल सकती है।