हैदराबाद, 05 अप्रैल। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने कप्तान ऋषभ पंत की नाबाद 68 रनों की शानदार पारी की बदौलत 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 160 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। यह लखनऊ की इस सीजन की पहली जीत है, जबकि हैदराबाद को तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ को मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने शुरुआती चार ओवर में 33 रन जोड़े। मार्श 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्करम ने 27 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रनों की आकर्षक पारी खेली।
मध्यक्रम में आयुष बदोनी (12), निकोलस पूरन (1) और अब्दुल समद (16) जल्दी आउट हो गए, लेकिन दूसरे छोर पर पंत डटे रहे। उन्होंने 50 गेंदों में 9 चौकों की मदद से नाबाद 68 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
हैदराबाद की ओर से हर्ष दुबे ने दो विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले सनराइजर्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन हेनरिच क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला।
क्लासेन ने 41 गेंदों पर 62 रन (5 चौके, 2 छक्के) बनाए, जबकि नीतीश रेड्डी ने 33 गेंदों पर 56 रन (3 चौके, 5 छक्के) की तेज पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दिग्वेश राठी और मणिरमन सिद्धार्थ को एक-एक सफलता मिली।