शिमला, 09 नवंबर। एक समय था जब धामी रियासत में मां भद्रकाली को प्रसन्न करने के लिए नरबलि दिए जाने की मान्यता थी। इस प्रथा को बंद करवाने के लिए रानी ने ऐसा कदम उठाया कि सदियों पुरानी परंपरा का रूप ही बदल गया। अब हर साल दीपावली के दूसरे दिन यहां दो पक्ष आमने-सामने खड़े होकर एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं। जब किसी के शरीर से रक्त निकलता है तो पत्थरबाजी रोक दी जाती है और उसी रक्त से मां भद्रकाली का तिलक किया जाता है। सोमवार को धामी में करीब 25 मिनट तक चले इस अनोखे पत्थर मेले में जमोगी खुंद के महेश वर्मा के गाल पर पत्थर लगा। उनके रक्त से मंदिर में तिलक करने के बाद मेले की रस्म पूरी हुई। करीब 300 साल पुरानी इस परंपरा को देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे।
नरबलि रोकने के लिए रानी ने चुना था यह रास्ता
धामी के पत्थर मेले के पीछे एक ऐसी ऐतिहासिक मान्यता जुड़ी है, जो इसे दूसरे धार्मिक आयोजनों से अलग बनाती है। धामी रियासत के राजपरिवार के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह कंवर के अनुसार पुराने समय में क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए नरबलि देने की प्रथा प्रचलित थी। राजपरिवार की रानी इस प्रथा को बंद करवाना चाहती थीं। उन्होंने नरबलि के स्थान पर पत्थरों का खेल शुरू करने का सुझाव दिया। इस तरह ऐसी परंपरा शुरू हुई, जिसमें किसी व्यक्ति की जान लेने के स्थान पर पत्थर लगने से निकले रक्त को मां भद्रकाली के तिलक के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार रानी नरबलि की प्रथा से बेहद आहत थीं। इस प्रथा को रुकवाने के उद्देश्य से वह धामी के चौराहे पर सती हो गई थीं। इसी स्थान को बाद में खेल का चौरा कहा जाने लगा। बताया जाता है कि नरबलि बंद होने के बाद कुछ समय तक भैंस की बलि दी जाती रही। बाद में इस प्रथा को भी बंद कर दिया गया और पत्थर मेले के रूप में नई परंपरा आगे बढ़ी। हालांकि, इस इतिहास से जुड़ी अलग-अलग स्थानीय कथाएं भी प्रचलित हैं।
लाल झंडा दिखते ही दो पहाड़ियों से बरसने लगे पत्थर
सोमवार को पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ मेले की शुरुआत हुई। राजपरिवार की ओर से पहले नरसिंह पूजन किया गया। इसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे आयोजकों ने लाल झंडा दिखाया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। खेल का चौरा में आमने-सामने की पहाड़ियों पर खड़े लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने शुरू किए। करीब 25 मिनट तक दोनों ओर से पत्थर बरसते रहे।
शाम करीब 3:55 बजे जमोगी खुंद के महेश वर्मा के गाल पर पत्थर लगा। उनके शरीर से रक्त निकलते ही पत्थरबाजी रोक दी गई। परंपरा के अनुसार उन्हें खेल का चौरा स्थित सती स्मारक स्थल पर ले जाया गया। वहां माथा टेकने के बाद उनके शरीर से निकले रक्त से मां भद्रकाली के मंदिर में तिलक लगाने की रस्म पूरी की गई। इसके बाद महेश वर्मा को प्राथमिक उपचार दिया गया। रक्त से तिलक की रस्म पूरी होने के साथ ही मेले का समापन हो गया।
राजपरिवार की टोली के सामने जमोगी खुंद के लोग
इस मेले में दो पारंपरिक पक्ष हिस्सा लेते हैं। इनमें एक जमोगी और दूसरा कटेडू पक्ष है। कटेडू पक्ष का संबंध धामी के राजपरिवार से है। इसमें तुंडू, धगोई, बठमाणा और आसपास के गांवों के लोग शामिल होते हैं। वहीं, जमोगी पक्ष में जनिया, जमोगी, प्लानिया, कोठी, चईयां और ओखरू गांवों के लोग भाग लेते हैं। राजपरिवार की ओर से तुंडू, जठौती और कटेडू परिवारों की टोली के शामिल होने की परंपरा भी बताई जाती है।
मेले में धामी के अलावा सुन्नी, कालीहट्टी, अर्की, दाड़लाघाट, चनावग, पनोही और शिमला के आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। दोनों पक्षों के लोग निर्धारित स्थान पर आमने-सामने खड़े होकर पत्थरबाजी करते हैं। इस आयोजन में राजपरिवार के सदस्य भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हैं।
पत्थर लगने से अब तक किसी की मौत नहीं होने का दावा
धामी रियासत के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह कंवर ने मेले में पारंपरिक पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके अनुसार, राजपरिवार की अगुवाई में यह परंपरा पीढ़ियों से निभाई जा रही है। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने अपने रक्त से मां भद्रकाली का तिलक कर इस परंपरा को जारी रखा था।
राजपरिवार और स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मेले में पत्थर लगने से आज तक किसी व्यक्ति की जान नहीं गई है। इससे जुड़ी एक अन्य मान्यता के अनुसार, यदि मेले के दिन राजपरिवार में किसी सदस्य की मृत्यु भी हो जाए तो पहले पत्थर मेले की रस्म पूरी की जाती है और उसके बाद दाह संस्कार किया जाता है। करीब तीन सौ साल से चली आ रही यह परंपरा आज भी धामी क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनी हुई है।