कुल्लू, 02 मई। जिला कुल्लू के आनी उपमण्डल के अंतर्गत हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई है। सड़क हादसा आनी के अंतर्गत समय करीब 5 बजे शाम शमशर - गुगरा सड़क पर उस दौरान हुआ जब बाली ओल नामक स्थान के पास भारी आंधी तूफान के कारण चीड़ का एक पेड़ चलती बोलेरो गाड़ी के ऊपर आ गिरा। पेड़ के गिरने के कारण गाड़ी सड़क से नीचे पलट गईं। गाड़ी में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे । जिनमें 6 स्कूल अध्यापिकाएं थी । इस दुर्घटना में 4 महिलाओं की दुखद मृत्यु हो गई है ।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि मृतक महिलाओं की पहचान स्नेह लता (38) पत्नी टिका नंद गांव पारलीधार, कमांद तहसील आनी जिला कुल्लू, बंती कौंडल (54)पत्नी हेमदत गांव लामीसेरी तहसील आनी, उषा कुमारी (43) पत्नी मदन लाल गांव तराला डाकघर जाओँ तहसील आनी तथा सीमा आजाद (54) पत्नी जिया लाल आजाद गांव रोपडी डाकघर व तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि घायलों में सुरेश चन्द (42) पुत्र देशराज गांव रोपडी आनी (वाहन चालक), तारा देवी (47) पत्नी रविन्दर कुमार गांव रोपडी तहसील आनी,
रीना कुमारी (40) पत्नी प्रेम सागर गांव कठेहड डाकघर बनारला तहसील सरकाघाट जिला मंडी कुल्लू शामिल है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के समय सड़क पर एक बस सहित अन्य वाहन भी चल रहे थे, जो बाल-बाल पेड़ की चपेट में आने से बच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार अगर पेड़ कुछ पल इधर-उधर गिरता तो अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते थे। पिछले कुछ दिनों से इलाके में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिसे हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है।
इस बीच, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने चार लोगों की मौत पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराया जाए।