कुल्लू, 06 जुलाई। मनाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब एक ऑल्टो टैक्सी (नंबर HP 01K-7850) रोहतांग की ओर जा रही थी और राहनी नाला के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
टैक्सी में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेन्द्र कुमार उर्फ पन्ना लाल (34) पुत्र चंद राम, निवासी सिमसा, मनाली (वाहन चालक), रणजीत सिंह (31) पुत्र पुरजन दास, निवासी गांव मंड, तहसील दसवा, जिला होशियारपुर (पंजाब), हरविंदर सिंह (27) पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी गांव थिंडा, डाकघर चिपरा, होशियारपुर (पंजाब), तथा डीमा राम (32) पुत्र शहर सिंह, निवासी तब्बन, तहसील करसोग, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
हादसे में रवि कुमार (24) पुत्र सोम राज,्र निवासी होशियारपुर (पंजाब) गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मनाली के डीएसपी क्षमादत शर्मा ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार वाहन स्किड होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
वहीं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल हुए व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।