चंडीगढ़, 17 मार्च। हरियाणा में राज्य सभा की दो सीटों पर हुए मतदान के बाद मंगलवार तड़के करीब पौने तीन बजे घोषित परिणाम के अनुसार एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी के संजय भाटिया तथा दूसरी सीट पर कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध निर्वाचित हुए हैं। सोमवार को दिनभर नाटकीय घटनाक्रम में हुए मतदान के बाद करीब 11 घंटे तक मतगणना पर घमासान चलता रहा।
सोमवार शाम चार बजे तक हुए मतदान के दौरान कुल 90 में से 88 विधायकों ने वोट डाला। इंडियन नेशनल लोकदल के दोनों विधायको अर्जुन चौटाला व आदित्य देवीलाल ने मतदान नहीं किया। विधायकाें की संख्या के अनुसार भाजपा के संजय भाटिया का पहले ही चुना जाना तय था। साेमवार शाम पांच बजे मतगणना शुरू होने से पहले भाजपा ने टोहाना के विधायक परमवीर सिंह तथा ऐलनाबाद के विधायक भरत सिंह बेनीवाल की वोट पर आपत्ति दर्ज करवाते हुए चुनाव आयोग को शिकायत की। वहीं, कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज की वोट पर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई। विवाद बढऩे पर रात करीब साढे नौ बजे कांग्रेस का एक शिष्टमंडल केंद्रीय चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई।
रात करीब 11.30 बजे कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह की वोट को रद्द कर दिया गया और भरत सिंह बेनीवाल तथा अनिल विज की वोट को मान्य करार दिया गया। इसके बाद मतगणना के आदेश जारी हुए।
मतगणना के दौरान भी कई अवसर ऐसे आए जब कांग्रेस तथा भाजपा नेताओं के बीच जमकर बहस हुई। मतगणना के अनुसार कांग्रेस के 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जबकि कुल पांच वोट रद्द हो गए। इनमें एक वोट भाजपा का भी था। इसके हिसाब से 88 (डले वोट)-5 (रद्द वोट)= 83 (वैलिड वोट) बने। जिनकी कुल वोट वैल्यू 8300 थी। इसके मुताबिक चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 2766.66 कोटा वोट की जरूरत थी।
संजय भाटिया को 2766.66, कर्मवीर बौद्ध को 2800 और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को 2733.33 वोट वैल्यू मिली। ऐसे में कर्मवीर बौद्ध निर्दलीय सतीश नांदल के मुकाबले .33 वोट वैल्यू से जीत गए। चुनाव अधिकारी की तरफ से अभी तक अधिकारिक रूप से जीत का ऐलान नहीं किया गया है।