शिमला, 28 मई। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को गांव-गांव लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद प्रदेश की 1276 पंचायतों में मतदाताओं का उत्साह पूरे दिन बना रहा। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही पोलिंग बूथों के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार शाम छह बजे तक प्रदेश में औसतन 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो पहले चरण के 78.90 फीसदी मतदान और पिछले पंचायत चुनाव के मतदान से अधिक रहा। हालांकि यह अंतिम आंकड़ा नहीं है और इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है। सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी, 11 बजे तक 44 फीसदी और दोपहर एक बजे तक 64 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। तय समय दोपहर तीन बजे तक मतदान चला, लेकिन जिन मतदान केंद्रों के बाहर कतारें लगी थीं, वहां शाम तक वोट डाले गए।
सिरमौर और कुल्लू सबसे आगे, कई जिलों में 80 फीसदी के पार पहुंची वोटिंग
जिलावार मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो कुल्लू में सबसे ज्यादा 85.52 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि सिरमौर में 85.16 फीसदी वोट पड़े। सोलन में 83.11 फीसदी, मंडी में 80.25 फीसदी, शिमला में 79.96 फीसदी और ऊना में 79.73 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में 78.02 फीसदी, चंबा में 77.22 फीसदी, कांगड़ा में 75.43 फीसदी, हमीरपुर में 74.62 फीसदी, किन्नौर में 73.97 फीसदी और लाहौल-स्पीति में 69.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कई जगह लोग पारंपरिक वेशभूषा में मतदान केंद्र पहुंचे, जिससे चुनावी माहौल और रंगीन नजर आया।
116 वर्षीय खड़कू राम से लेकर 100 पार बुजुर्गों ने दिखाई लोकतंत्र के प्रति आस्था
इस चुनाव में शतकवीर बुजुर्ग मतदाता सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। हमीरपुर जिले के 116 वर्षीय खड़कू राम पैदल चलकर दशमल मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान करने के बाद युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सेहत का ध्यान रखने का संदेश दिया। शिमला जिले की रोहड़ू क्षेत्र की ब्रासली पंचायत में 110 वर्षीय सुरतु देवी ने मतदान किया। मसली वार्ड में भी 110 वर्षीय महिला मतदाता वोट डालने पहुंचीं। ग्राम पंचायत जांगला के जीपीएस थाली मतदान केंद्र में 108 वर्षीय महिला और 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने मतदान किया। ग्राम पंचायत दीयूदी मायला में 107 वर्षीय बाला देई और भटवाड़ी झटवाड़ी में 107 वर्षीय धर्मपति देवी ने भी वोट डाला। ग्राम पंचायत बलघार में 102 वर्षीय पाड़ी देवी मतदान केंद्र पहुंचीं, जबकि ग्राम पंचायत हीरा भलावण के 101 वर्षीय अनंत राम नंबरदार ने भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रोहड़ू की ग्राम पंचायत शील में 100 वर्षीय महिला मतदाता ने भी वोट डाला। इन बुजुर्ग मतदाताओं को देखने के लिए कई मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में उत्साह, नेताओं ने भी किया मतदान
पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई मतदान केंद्रों पर युवा सेल्फी लेते और मतदान को लोकतंत्र का पर्व बताते नजर आए। महिलाओं की भागीदारी भी इस बार काफी बेहतर रही। राजनीतिक नेताओं ने भी अपने-अपने गांवों में मतदान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर जिले के समीरपुर बूथ पर परिवार सहित वोट डाला और लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले की अपनी गृह पंचायत गोंदपुर जयचंद में मतदान किया। वहीं सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने नादौन क्षेत्र के ढगो बूथ पर अपनी 103 वर्षीय माता के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के वोट में होती है।
देर शाम आएंगे पंचायतों के नतीजे, 31 मई को घोषित होंगे बीडीसी और जिला परिषद परिणाम
प्रदेश में दूसरे चरण में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। इन पदों के नतीजे देर शाम से संबंधित पंचायतों में आने शुरू हो जाएंगे। वहीं बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। पंचायत चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण 30 मई को होगा। चुनाव के दौरान कई इलाकों में भीषण गर्मी रही, लेकिन इसके बावजूद मतदान केंद्रों पर लोगों का उत्साह पूरे दिन बना रहा।