शिमला, 18 मई। हिमाचल प्रदेश में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे अपनी बड़ी राजनीतिक जीत बताया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद और प्रदेश महामंत्री सिकंदर कुमार ने कहा है कि निकाय चुनावों में मिली सफलता यह दिखाती है कि प्रदेश में “मोदी मैजिक” कायम है और जनता ने भाजपा की विकास नीतियों पर भरोसा जताया है।
सिकंदर कुमार ने सोमवार को एक बयान में कहा कि चुनाव परिणाम कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का जवाब हैं। उन्होंने दावा किया कि इन नतीजों से यह संकेत मिल गया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिली जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं पर जनता के विश्वास का परिणाम है। उनके अनुसार, लोगों ने विकास और काम की राजनीति को समर्थन दिया है।
सिकंदर कुमार ने हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत की, जिसका परिणाम चुनाव नतीजों में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता और जनता का समर्थन है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है और यही वजह है कि निकाय चुनावों में भाजपा को बढ़त मिली।
सिकंदर कुमार ने इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेताओं को भी बधाई दी। उन्होंने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर सहित पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की।