धर्मशाला, 10 अप्रैल। कांगड़ा जिला के देहरा उपमंडल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढलियारा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब कपूरथला (पंजाब) से आए श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस तकनीकी कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 13 लोग घायल हो गए। उक्त वाहन में कुल 35 व्यक्ति सवार थे, जो मूलतः पंजाब राज्य के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के बाद ज्वालामुखी मंदिर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन ढलियारा के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्राली सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला। वहीं पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा में पहुंचाया गया।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस दल द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल देहरा पंहुचाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा 3 व्यक्तियों को मृत घोषित किया गया तथा 13 घायल लोगों का उपचार जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को आगे के उपचार हेतु डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा रेफर किया गया है। सवार व्यक्तियों में से 9 बच्चे व अन्य सवार पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना देहरा में भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कज जा रही है।
उधर एसपी देहरा ने आम जनता एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय ओवरलोडिंग से बचे। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, विशेषकर पहाड़ी एवं घुमावदार मार्गों पर सावधानी बरतें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट/हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यात्रा से पूर्व वाहन की तकनीकी जांच सुनिश्चित करें।