नई दिल्ली, 12 अप्रैल। तमिलनाडु में शनिवार को भाजपा विधायक नयनार नागेंद्रन को नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। उसके बाद नयनार नागेंद्रन चेन्नई स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचेऔर पदभार संभाल लिया।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए उनके नामांकन का प्रस्ताव निवर्तमान अध्यक्ष के अन्नामलाई सहित दस वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रखा था। मौजूदा विधानसभा में नागेंद्रन तिरुनेलवेली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि हमें अपना लक्ष्य और रास्ता पता है, हम आगामी चुनाव 2026 में सबसे मजबूत एनडीए गठबंधन के साथ लड़ेंगे और तमिलनाडु से द्रमुक सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
उल्लेखनीय है कि नागेंद्रन ने 2001, 2011 और 2021 के विधानसभा चुनावों में तीन बार तिरुनेलवेली से जीत हासिल की, जिसमें से दो बार वह अन्नाद्रमुक के टिकट पर विधायक बने जबकि 2021 में भाजपा के चुनाव चिह्न पर सदन में पहुंचे। उन्होंने 2006 और 2016 के विधानसभा चुनाव और 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव भी तिरुनेलवेली से लड़ा लेकिन असफलता हाथ लगी।
नागेंद्रन ने 2018 में एक विवाद खड़ा कर दिया था, जब उन्होंने देवी अंदाल पर विवादास्पद टिप्पणी करने वाले तमिल गीतकार वैरामुथु की जीभ काटने वाले को 10 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। उन्होंने हिंदू धर्म के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी।
अन्नाद्रमुक में दरकिनार किए जाने के बाद वह 2017 में पार्टी नेता अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए और बाद में उन्हें पार्टी की राज्य इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।